शमसाबाद पुलिस ने अंतर राज्यीय वाहन चोर गैंग दबोचा, मोटरसाइकिल व ट्रैक्टर बरामद
1 min read
शमसाबाद पुलिस ने अंतर राज्यीय वाहन चोर गैंग दबोचा, मोटरसाइकिल व ट्रैक्टर बरामद
शमसाबाद। थाना पुलिस ने सर्विलांस सेल व एसओजी टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई में अंतरजनपदीय व अंतर राज्यीय वाहन चोर गैंग के तीन सदस्यों को दबोच लिया। चोरों से बड़ी मात्रा में मोटरसाइकिल व दो ट्रैक्टर बरामद किए हैं। पुलिस द्वारा पकड़े गए तीनों शातिर चोरों पर जिले के कई थानों में दर्जनों मुकदमे दर्ज है।
जनपद में वाहन चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही थी। तीन जून 2025 को शमसाबाद थाना क्षेत्र से एक पल्सर मोटरसाइकिल को चोर चोरी कर ले गए थे। 5 जून 2025 को पीड़ित ने मोटरसाइकिल चोरी का शमसाबाद थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया था। थाना पुलिस मोटरसाइकिल बरामदगी के लिए लगातार वाहन चेकिंग व दबिश दे रही थी। मंगलवार को इरादत नगर बाईपास तिराहे पर थाना पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। तभी सूचना मिली कि तीन वाहन चोर दो चोरी की मोटरसाइकिलों से शमसाबाद की तरफ आ रहे हैं। शमसाबाद की तरफ चोरों के आने की सूचना पर थाना पुलिस, सर्विलांस सेल व एसओजी की टीम भी मौके पर पहुंच गई और चोरों की धर-पकड़ के लिए घेराबंदी कर ली। और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीनों शातिर चोर दबोच लिए गए। पुलिस द्वारा चोरों से पूछताछ की गई तो बताया कि 3 जून 2025 को धिमिश्री से पल्सर मोटरसाइकिल चोरी की थी। और अधिक जानकारी देते हुए बताया कि तीनों लोग मिलकर वाहन चोरी करने का काम करते थे और राजस्थान में चोरी के वाहनों को बिक्री करते थे। हीरा सिंह पुत्र अजब सिंह निवासी राजाखेड़ा राजस्थान अन्य साथी के साथ मिलकर दो ट्रैक्टर व अन्य वाहन चोरी किए थे।
पूछताज के दौरान हुए वाहन बरामद – पुलिस व अन्य टीमों ने चोरों से कड़ाई से पूछताछ की तो चोरों ने अपने एक अन्य साथी के साथ-साथ अन्य मोटरसाइकिलें व दो ट्रैक्टर कबूल कर लिए। और बताया कि वाहन चोरी करने के बाद शमसाबाद के गांव मधपुर के पास झाड़ियां में वाहनों को छिपा देते थे। और मौका मिलने पर ग्राहकों को वाहनों को बेच दिया करते थे।
कितनी हुई बरामदगी – शमसाबाद पुलिस में संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन अंतर्जनपदीय व अंतर राज्यीय चोरों को वाहन चेकिंग के दौरान दबोचा गया। पूछताछ के दौरान चोरों ने बताया कि चोरी के वाहनों को राजाखेड़ा राजस्थान के एक अन्य साथी के साथ मिल कर बेचने का काम करते थे। चोरों की निशानदेही पर राजस्थान से आठ अन्य मोटरसाइकिलें, दो ट्रैक्टर व तमंचा बरामद किए गया।
डीपी पूर्वी अली अब्बास ने चोरों की जानकारी देते हुए बताया कि शमसाबाद पुलिस, सर्विलांस सेल व एसओजी की टीम द्वारा पकड़े गए तीनों अपराधी अंतरजनपदीय व अंतर राज्यीय गैंग के सदस्य हैं। बड़ी संख्या में चोरी के वाहन बरामद किए गए हैं तीनों चोरों पर विभिन्न थानों में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। पकड़े गए चोरों का एक अन्य साथी फरार है। जिसे पकड़ने के लिए टीम गठित कर दी गई है।