चंबल नदी घाट पर लगी दो किलोमीटर लंबी लाइनें हजारों कांवड़ियों को स्टीमर से पार कराई चंबल नदी
1 min read
चंबल नदी घाट पर लगी दो किलोमीटर लंबी लाइनें हजारों कांवड़ियों को स्टीमर से पार कराई चंबल नदी
पुलिस ने रातभर संभाली कांवड़ियों की व्यवस्था
पीएसी गोताखोरों को किया तैनात
नगर पंचायत, राजस्व और पीडब्ल्यूडी मुस्तैद
पिनाहट।शिव चौदस पर कांवड़ चढ़ाने के लिए मध्य प्रदेश की ओर जा रहे हजारों कांवड़ियों की भीड़ रात में कस्बा सहित चंबल नदी घाट पर पहुंच गयी। जिनकी सकुशल यात्रा कराने के लिए पुलिस ने रातभर जागकर सारी व्यवस्थाएं की। और स्टीमर से कांवड़ियों को पार उतारने का काम दिनभर चलता रहा है।
भगवान शिव के पवित्र महीने की शिव चौदस आज बुधवार को होने के कारण मंगलवार रात करीब दो बजे से हजारों की संख्या में मध्यप्रदेश की ओर कांवड़ लेकर जा रहे कांवड़ियों की भीड़ कस्बा और चंबल नदी घाट पहुंच गई। जिनकी अधिक संख्या देख पिनाहट थाना निरीक्षक मनोज कुमार ने रात में ही दुकानों को खुलवाकर चाय नाश्ते और एक मैरिज होम में उनके रुकने का प्रबंध करवाया। सुबह होते होते संख्या करीब दो हजार के करीब पहुंच गयी। चंबल नदी घाट पर करीब दो किलोमीटर से अधिक लंबी लाइन लग गयी। हालत बेकाबू होते देख घाट पर पुलिस ने स्टीमर संचालन शुरू कराकर लाइन से निकलने के लिए रस्सी की बेरीकेडिंग लगा दी। एक प्लाटून 15 वीं वाहिनी पीएसी के गोताखोरों को तैनात किया गया। साथ ही मौके पर नगर पंचायत ने पेयजल और उजालें के लिए बिजली की व्यवस्था की गयी। राजस्व टीम और पीडब्ल्यूडी की टीम भी घाट पर आ गयी। पुलिस ने सभी कांवड़ियों को धीरे धीरे उस पार उतारने में मुस्तैदी दिखाते हुए दिनभर काम किया है। सुबह करीब पांच बजे से शाम करीब आठ बजे तक चले स्टीमर ने नदी पर पचास से अधिक चक्कर लगाएं। प्रत्येक चक्कर में करीब 60 से 70 कांवड़ियों को पार उतारा गया है। पिनाहट प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि करीब चार हजार कांवड़ियों को सकुशल पार उतारा जा चुका है। आज भी इसी तरह की भीड़ रहने की आशंका है।
मुंह चिढ़ाता रहा दूसरा स्टीमर
पिनाहट चंबल नदी घाट पर इस समय दो स्टीमर खड़े हैं। किन्तु संचालित एक ही हो रहा है। मंगलवार को जब कांवड़ियों की भीड़ अधिक होने पर दूसरे को चलाने के लिए कहा गया।पुलिस ने भी उसके संचालन के लिए प्रयास किया किन्तु चालक द्वारा तकनीकी खराबी और डीजल की कमी का बहाना बनाकर नहीं चलाया। जिसके बाद दिनभर एक सी स्टीमर से संचालन हुआ। दूसरा खड़ा रहा है। ठेकेदार चंद्र सेन तिवारी ने बताया कि दूसरे स्टीमर संचालन की मांग की गई थी। हमने कहा आप लोग उच्चाधिकारियों से बात करें। उनके आदेश पर ही संचालित किया जा सकता है।
एसीपी परखी कांवडियों की सुरक्षा व्यवस्था
पिनाहट घाट चंबल नदी पर हजारों की संख्या में कांवड़िये पहुंचने की सूचना पर एसीपी पिनाहट वीरेंद्र दुबे जी भी मौके पर पहुंच गए। पिनाहट घाट चंबल नदी पर पहुंचकर कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था को भी परखा।