पुण्यश्लोका रानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण और नंदन क्रीड़ा स्थल का भव्य लोकार्पण सम्पन्न
1 min read
पुण्यश्लोका रानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण और नंदन क्रीड़ा स्थल का भव्य लोकार्पण सम्पन्न
शमसाबाद। जिला पंचायत आगरा द्वारा ग्राम भनपुरा तिराहा, शमसाबाद में पुण्यश्लोका रानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण और नंदन क्रीड़ा स्थल का लोकार्पण समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन भारत सरकार के राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल द्वारा किया गया। बघेल ने अपने संबोधन में कहा, “पुण्यश्लोका रानी अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की ऐसी अद्भुत नारी थीं, जिन्होंने शासन को सेवा का माध्यम बनाया। उनकी प्रतिमा ग्रामीण भारत को प्रेरणा देगी और यह क्रीड़ा स्थल युवाओं को सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होगा। फतेहपुर सीकरी से सांसद राजकुमार चाहर ने कहा ऐसे सांस्कृतिक और खेलों से जुड़े स्थलों का निर्माण गांवों को नई दिशा देने का कार्य करता है। यह न केवल बच्चों के खेल कौशल को निखारेंगे बल्कि सामाजिक समरसता का भी केंद्र बनेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने कहा पुण्यश्लोका रानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा हमारे संस्कारों और नारी सशक्तिकरण की प्रतीक है। ग्राम्य विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक चेतना को जाग्रत करना हमारा निरंतर प्रयास है।
पूर्व विधायक डॉ राजेंद्र सिंह ने कहा ऐसे आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं। अहिल्याबाई जैसी विभूतियों की प्रतिमाएं नई पीढ़ी को मूल्यों और कर्तव्य की प्रेरणा देती हैं। क्रीड़ा स्थल बच्चों और युवाओं के व्यक्तित्व विकास का केंद्र बन सकते हैं। लोकार्पण से पूर्व भव्य रैली भी निकाली गई, जिसमें ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर फतेहाबाद के विधायक छोटेलाल वर्मा, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे, पूर्व मंत्री रामसकल गुर्जर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, ब्लॉक प्रमुख गिरजा गजेन्द्र सिंह, दिलीप जैन भंडारी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राकेश धनगर, जिला पंचायत सदस्य रामसखी, ग्राम प्रधान गुड्डी देवी, अभियंता देवेंद्र सिंह, जनक सिंह बघेल सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।