प्रशासन बेखबर या बेबस थाना निबोहरा में मिट्टी माफियाओं का दबदबा, खुलेआम हो रहा अवैध खनन
1 min read
प्रशासन बेखबर या बेबस थाना निबोहरा में मिट्टी माफियाओं का दबदबा, खुलेआम हो रहा अवैध खनन
निबोहरा क्षेत्र में भाव सिंह कॉलेज के पास बड़े पैमाने पर अवैध मिट्टी खनन हो रहा है। खनन माफिया जेसीबी से खुदाई कर मिट्टी ट्रैक्टरों के जरिए आसपास के क्षेत्रों में बेच रहे हैं। यह सब खरंजा निर्माण और नहर पटरी टूटने के नाम पर किया जा रहा है।
• एसडीएम अभय सिंह ने बताया कि अवैध खनन की जांच के लिए शनिवार को नायब तहसीलदार को मौके पर भेजा जाएगा। अनुमति के बिना खनन पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
• जहां कानून की पकड़ ढीली हो, वहां माफिया की पकड़ गहरी हो जाती है! थाना निबोहरा क्षेत्र में यही हो रहा है!
फतेहाबाद/आगरा |एक तरफ प्रशासन अवैध मिट्टी खनन पर शिकंजा कसने की बात कर रहा है, तो दूसरी तरफ निबोहरा क्षेत्र में खनन माफियाओं ने धड़ल्ले से जेसीबी चला रखी है। फतेहाबाद-निबोहरा मार्ग पर स्थित भाव सिंह कॉलेज के पास मिट्टी की लूट मची हुई है दिन-दहाड़े, खुलेआम।
सूत्रों के मुताबिक, खनन माफिया नहर की पटरी टूटने या खरंजा निर्माण जैसे बहानों के सहारे मिट्टी की खुदाई करा रहे हैं। जेसीबी मशीनें खेतों की छाती चीरती हैं, और ट्रैक्टर एक के बाद एक मिट्टी भरकर निकलते हैं मानो ये कोई अधिकृत निर्माण स्थल हो!
प्रशासन क्या कर रहा है?
इस गंभीर मुद्दे पर एसडीएम अभय सिंह ने बयान दिया है कि शनिवार को नायब तहसीलदार को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी। यदि बिना किसी वैध अनुमति के खनन किया जा रहा है, तो दोषियों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।
अब बड़ा सवाल ये है
जब खुदाई अवैध है, तो जेसीबी और ट्रैक्टर कैसे खुलेआम चल रहे हैं?
क्या प्रशासन को इसकी खबर अब तक नहीं थी?
या फिर खनन माफियाओं के सामने प्रशासन की व्यवस्था लाचार है?